सिरौली। बिसौली-सिरौली सीमा पर अरिल नदी में डूब रहे भाई को बचाने के प्रयास में मोहित (25) की मौत हो गई। बदायूं के बिसौली के गांव ललूला नगला निवासी नितिन और सगे भाई मोहित व राकेश मंगलवार दोपहर नदी में स्नान करने आए थे। सूचना पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदायूं के बिसौली क्षेत्र के गांव ललूला नगला निवासी नितिन और दो सगे भाई मोहित व राकेश मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सिरौली-बिसौली सीमा पर अरिल नदी में स्नान करने आए थे। राकेश ने नहाने पुल से छलांग लगा दी। उसको डूबता देख भाई मोहित बचाने के लिए कूद गया। वह भी डूबने लगा।
नितिन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीरों ने नदी में डूब रहे युवकों को बचाने का प्रयास किया। राकेश को निकाल लिया गया लेकिन मोहित डूब गया। इस बीच मौके पर कई लोग जुट गए। ललूला नगला के बाशिंदे भी पहुंच गए।
सूचना पर सिरौली पुलिस और बदायूं के दबतोरी की टीम के अमित कुमार व मोहम्मद सरताज मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों को बुलाकर मोहित की तलाश कराई। कुछ देर में पुल के नीचे फंसा मोहित का शव मिला।
इस बाबत सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मौके पर आकर जानकारी हुई कि युवक बदायूं का है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उसके बाद सरकारी आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी।
सबसे बड़ा था मोहित : ग्रामीणों ने बताया कि मोहित तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मां का निधन हो चुका है। पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं। उनको हादसे की सूचना दे दी गई है।
