उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अनोखे अंदाज में रक्षाबंधन का पर्व मनाया। मुट्ठीगंज स्थित पार्टी कार्यालय में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। जहां भाजपा की महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा व विभिन्न क्षेत्रों से आईं डेढ़ हजार से अधिक बहनों ने तिलक लगाकर मंत्री नंदी की कलाई पर राखी बांधी। वहीं पुलिस लाइन प्रयागराज में आयोजित रक्षाबंधन उत्सव में महिला सिपाहियों ने रक्षा सूत्र बंधवाया।
मंत्री नंदी ने पुलिस लाइंस सभागार में जाकर महिला पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों से राखी बंधवाई। रक्षाबंधन के त्यौहार पर इन महिला सिपाहियों को घर और भाइयों की कमी न महसूस हो, इसीलिये मंत्री नंदी खुद पुलिस लाइंस गए और राखी बंधवाई। महिला सिपाहियों ने इस मौके पर मंत्री नंद गोपाल की आरती की। उन्हें टीका और अक्षत लगाया और इसके बाद राखी बांधकर आशीर्वाद लिया। बदले में मंत्री ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की और उपहार दिया।
मंत्री को राखी बांधकर महिला सिपाहियों के चेहरे पर खुशी साफ़ तौर पर झलक रही थी। मुट्ठीगंज स्थित पार्टी कार्यालय मंत्री नन्दी ने एक एक बहन से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का वादा किया और उपहार भेंट किए। इस दौरान कई बहनों ने अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। जिस पर मंत्री नंदी ने भाई के रूप में हमेशा साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।