चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय से कांग्रेस नेतृत्व हताश है और अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रहा है। सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि जनादेश को स्वीकार करने के बजाय चुनाव हारने पर निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है।
भाजपा नेताओं ने 26 सितंबर को निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संयुक्त वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू व विवेक जोशी के स्पष्टीकरण से विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।
एसआईआर के फैसले पर भाजपा ने दी सफाई
भाजपा ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) समेत निर्वाचन आयोग के प्रमुख निर्णय तीनों निर्वाचन आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। पार्टी नेताओं ने सर्वोच्च न्यायालय के 27 मई 2026 के निर्णय का भी उल्लेख किया और कहा कि एसआईआर को लेकर आयोग की प्रक्रिया पर न्यायिक स्तर पर भी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है।