फरीदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम ने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

फरीदपुर (बरेली)। तहसील फरीदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में संबंधित अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि शिकायतों की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी ली जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच के निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम चकरपुर निवासी एक व्यक्ति ने कादरगंज स्थित अपनी कृषि भूमि पर गांव के कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह और संबंधित चकबंदी अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप जिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए, पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अनुराग सिंह
Source
