– रफ्तार तेज होने से अनियंत्रित होने से हुई दुर्घटना

– दो गंभीर घायल बच्चों को लोहिया अस्पताल किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। कलश विसर्जन यात्रा में जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होने से स्ट्रीट लाइट के पोल से टकराने के बाद पलट गई। इससे पिता-पुत्री व बच्चों सहित 15 लोग घायल घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जनपद एटा थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव फरसोली स्थित मंदिर पर नवरात्र में हुई कथा के बाद बुधवार को श्रद्धालु चार ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से कलश विसर्जन करने ढाईघाट गंगा तट जा रहे थे। ढाईघाट रोड पर बूढ़ी गंगा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली स्ट्रीट लाइट के पोल से टकराकर अनियंत्रित हो गई। इससे ट्राॅली सड़क पर पलट गई। ट्राॅली पर सवार करीब 20 यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राॅली सीधी कराकर घायल 15 लोगों को निजी वाहन व एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। घायलों में चंदू (10) पुत्र सुनील, गोपाल मिश्र (12) पुत्र दयाशंकर मिश्र, सुमित (12) पुत्र नेकसे राजपूत, आकांक्षा (11) पुत्री रमाकांत, गुजन (18) पुत्री रेशपाल, डोली(17) पुत्री बृजपाल, सत्यभान(30) व उसकी पुत्री मोहिनी (13), पुत्र शिवकुमार (9), खुशबू (35) पुत्री दिलीप, करीना (23) पुत्री पप्पू, सुमित (10) पुत्र नन्हेंलाल, गंगा देवी (40) पत्नी प्रवेश कुमार, आशिक (10) पुत्र संजू, नेहा (12) पुत्री अखिलेश शामिल हैं। सीएचसी में सभी घायलों का उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर गोपाल मिश्र व मोहिनी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि ट्राली पलटने से घायल उपचार के बाद सामान्य स्थिति में हैं। दो घायलों का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
