मुर्गे-मुर्गियों की गतिविधियों, व्यवहार, आवाज और दाना-पानी की खपत में बदलाव की निगरानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिये की जाएगी। कैमरे और सेंसर इन सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। एआई आंकड़ों का विश्लेषण करेगा। इसके जरिये पोल्ट्री संचालकों को बीमारियों से संबंधित अलर्ट मिलेगा। यानी अब लक्षण जाहिर होने या मुर्गों की गतिविधियां असामान्य होने से पहले ही उनकी बीमारी का पता लग जाएगा। पोल्ट्री उत्पादन में एआई की संभावनाओं पर किए गए अध्ययन में सीएआरआई के वैज्ञानिक डॉ. जयदीप रोकड़े ने यह दावा किया है।

बरेली के केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के शोधकर्ता ने बताया कि संस्थान के फार्म में की गई निगरानी में पता चला कि 25 दिन के ब्रॉयलर पक्षियों के झुंड में पानी की खपत अचानक आठ फीसदी घट गई। अब कैमरों से पक्षियों की गतिविधियां कम होने, आवाज में बदलाव आदि संकेतों को मिलाकर एआई असामान्य स्थिति का अलर्ट जारी कर सकता है। इससे पक्षी की जांच कर बीमारी का पता लगाना आसान होगा।
शोधकर्ता के मुताबिक, एआई तापमान, नमी, दाना-पानी की खपत, पक्षी की गतिविधि का विश्लेषण कर गर्मी से तनाव का अनुमान लगा सकता है। सिस्टम दो घंटे पहले तक हीट स्ट्रेस का जोखिम बताकर वेंटिलेशन और कूलिंग में बदलाव की सिफारिश कर सकता है। हालांकि, एआई के अलर्ट को रोग की पुष्टि नहीं माना जा सकता। पक्षियों की उम्र, नस्ल, पूर्व के वजन, दाने की खपत, वातावरण के आंकड़ों पर एआई पक्षी की संभावित वृद्धि का अनुमान लगा सकता है।
अगले दिन दाने की जरूरत, सात दिन में अनुमानित वजन, फीड कन्वर्जन रेशियो का पूर्वानुमान भी संभव है। इससे वजन बढ़ने की गति, दाने की खपत में गड़बड़ी का पता उत्पादन चक्र पूरा होने से पहले चल सकेगा। इससे कारोबारियों को खासी राहत मिल सकती है।
