
पीलीभीत।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में असमय दिवंगत हुए निर्दोष हिंदुओं और देश के वीर सपूतों की नृशंस हत्या के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) ने एक विशाल कैंडल मार्च का आयोजन किया। यह मार्च गांधी स्टेडियम से शुरू होकर दामोदर पार्क तक निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
मार्च के समापन पर 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।कैंडल मार्च में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, बीजेवाईएम जिला अध्यक्ष चेतन शर्मा, नगर अध्यक्ष इंद्रेश सिंह चौहान, सभासद अवतार सिंह मोनू सहित नगर के गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए इस जघन्य कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की।बीजेवाईएम जिला अध्यक्ष चेतन शर्मा ने कहा, “पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर किया गया यह हमला न केवल कायरतापूर्ण है, बल्कि मानवता के खिलाफ एक जघन्य अपराध है। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए।”जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “यह हमला देश के दिल पर प्रहार है।
हम सभी को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ना होगा। हमारे वीर सपूतों और निर्दोष नागरिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।”नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने भावुक अपील करते हुए कहा, “पहलगाम की इस दुखद घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हम उन परिवारों के साथ खड़े हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया। इस कैंडल मार्च के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम शांति और एकता के पक्षधर हैं।”कैंडल मार्च के दौरान “पाकिस्तान मुर्दाबाद” और “आतंकवाद मुर्दाबाद” जैसे नारे गूंजे, जो लोगों के गुस्से और आक्रोश को दर्शा रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।यह कैंडल मार्च न केवल दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बना, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ जनता की एकजुटता और दृढ़ संकल्प को भी प्रदर्शित किया।
