फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण लेकर निजी कार्य में खर्च करने का मामला सामने आया है। बैंक अधिकारियों के सत्यापन में पोल खुलने पर दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक कुटरा के शाखा प्रबंधक ने न्यायालय के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में मामला दर्ज कराया। सिविल लाइन नई बस्ती निवासी शिवम यादव और फर्म संचालक सुशील कुमार आरोपी हैं। शिवम यादव ने आयरन ग्रिल मेकिंग परियोजना के लिए ऋण आवेदन किया था। बैंक ने फर्म के खाते में आठ लाख रुपये भेजे थे। लेकिन परियोजना स्थापित नहीं हुई और धनराशि निजी कार्यों में खर्च कर ली गई। बैंक ने नोटिस दिया, पर न बिल वाउचर मिले न धनराशि जमा हुई। पुलिस ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

