
पीलीभीत में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू, 3 सितंबर को होगी नए अध्यक्षों की घोषणा
कांग्रेस पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य डॉ. आर.सी. खूँटिया ने पीलीभीत पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। शहर के एक बारातघर में आयोजित प्रेसवार्ता और कार्यकर्ताओं के सीधे संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के आधार पर जिला और शहर अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
डॉ. खूँटिया ने बताया कि इस अभियान से जुड़ी अंतिम रिपोर्ट 25 अगस्त तक कांग्रेस हाईकमान को सौंप दी जाएगी। इसके बाद गहन मंथन के पश्चात राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा 3 सितंबर को नए जिला और शहर अध्यक्षों की सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी जाएगी। उन्होंने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मुख्य धारा से अलग चल रहे पुराने साथियों और कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सामाजिक संगठनों के लोगों से अपील की कि वे आगे आएं और पार्टी की नीतियों व जनहित की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में अपना सहयोग दें।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक प्रेम प्रकाश अग्रवाल, कुमुद गंगवार और पारस शुक्ला ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर एक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ और असली ताकत है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष हरप्रीत चब्बा और शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
#congressnews #pilibhit #congressvsbjp #CongressParty Hemant Mishra PILIBHIT LIVE Jagdev Singh Jagga Indian National Congress Pilibhit Congress Lucknow Congress

Source
