शहर में जगह-जगह भरे पानी को निकालने के लिए नगर निगम ने 132.50 एमएलडी के 43 पंप लगाए हैं। इनके जरिये सड़कों पर भरे पानी को खींचकर नालों व सीवर लाइनों में गिराया जा रहा है। इस दौरान जल निगम व जलकल की टीम सीवर की सफाई में भी लगी रहीं। फिर भी देर शाम तक कई इलाकों में जलभराव से निजात नहीं मिली।
सिर्फ जॉर्जटाउन में ही जल निकासी के लिए बुधवार को चार टीमों के साथ नौ पंप, दो जेसीबी, 12 पाइप लगाए गए। सड़क चौड़ीकरण के दौरान गायब हो चुके नालों को फिर से खोजा गया। सोहबतियाबाग में संगम पेट्रोल टंकी चौराहे पर दो जेसीबी लगाकर करीब छह फीट गड्ढा किया गया। इसके बाद परेड मैदान तक जाने वाले नाले को खोजा गया। सोहबतियाबाग डॉट पुल, जॉर्जटाउन स्विमिंग पूल और अन्य मार्गों पर भरे पानी को पंप लगाकर नाले की तरफ खींचा गया। इस दौरान नगर निगम ने संगम पेट्रोल पंप चौराहे के पास 20 एमएलडी की क्षमता के छह पंप और जल निगम ने नौ एमएलडी क्षमता के तीन पंप लगाए। मौके पर नगर निगम के एई भी मौजूद रहे।