एआरटीओ कार्यालय में बृहस्पतिवार को एडीएम विनय पांडेय और एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने पुलिस बल के साथ औचक छापेमारी की। अधिकारियों के पहुंचते ही कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। बाहर मौजूद दलाल दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने करीब 25 लोगों को रोककर पूछताछ की। इनमें 12 लोग कार्यालय आने का उचित कारण नहीं बता सके। सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया।

एडीएम और एएसपी सदर कोतवाली व राधानगर थाने के पुलिस बल के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। करीब एक घंटे तक परिसर में संदिग्ध लोगों से पूछताछ और जांच की गई। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न पटलों की जांच की। जांच के दौरान पटलों पर कामकाज दुरुस्त पाया गया।
एआरटीओ रंजीत सिंह ने बताया कि कार्यालय के बाहर कुछ कैफे संचालक ऑनलाइन कार्य करते हैं। वहां मौजूद कुछ लोग संदिग्ध पाए गए, जिन्हें पूछताछ के लिए पुलिस ने पकड़ा है। बताया कि कार्यालय के अंदर से किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है।
एडीएम विनय पांडेय ने बताया कि बाहरी लोगों का आर्थिक शोषण न हो, इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाता है। कार्यालय आने वाले लोगों से उनके काम के संबंध में जानकारी ली गई। जिन लोगों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि कार्यालय में अनियमितता को लेकर पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी।
