भाजपा से इस्तीफा देने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बीच बरेली की तीन विधानसभा सीटों को लेकर नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आंवला से वीरपाल सिंह यादव और बिथरी चैनपुर से धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप की दावेदारी पर सहमति बन सकती है। बदायूं की दातागंज सीट को लेकर भी बातचीत का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सपा से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, सपा नेतृत्व के साथ धर्मेंद्र कश्यप की मुलाकात के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित तालमेल पर बातचीत हुई है। आंवला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने को वीरपाल सिंह यादव की संभावित उम्मीदवारी से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी तरह बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से कीर्ति कश्यप के चुनाव लड़ने की संभावना भी चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- यूपी: भाजपा से बगावत के बाद अखिलेश यादव से मिले पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सपा में जाने की अटकलें तेज
प्रभारी की जिम्मेदारी या टिकट का संकेत
सपा में विधानसभा प्रभारी की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं पहले भी होती रही हैं। पार्टी संगठन में प्रभारी की जिम्मेदारी चुनावी तैयारी और क्षेत्र में संगठन को सक्रिय करने से जुड़ी हो सकती है। लेकिन किसी नेता को प्रभारी बनाए जाने भर से टिकट तय होना साबित नहीं होता। ऐसे में आंवला को लेकर किए जा रहे दावों की पुष्टि आधिकारिक पत्र और पार्टी नेतृत्व के रुख से ही हो सकेगी।