फरीदपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने वाला बाल पोषाहार रास्ते में ही गायब करने के मामलों पर अब विभाग ने जांच शुरू कर दी है। केंद्रों से 10 किलोमीटर पहले ही कस्बे में पोषाहार उतारने की वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आ गए हैं। मामले में जांच टीम ने पड़ताल शुरू कर दी है।

सीडीपीओ ने बताया कि फरीदपुर और भुता ब्लॉक के करीब 70 फीसदी आंगनबाड़ी केंद्रों तक पोषाहार पहुंचाया जा चुका है। जो स्टॉक बचा हुआ है, उसे डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से सीधे केंद्रों तक पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग की ओर से दोनों ब्लॉकों के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यापक सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे के तहत हर केंद्र पर मौजूद स्टॉक की बारीकी से जांच की जाएगी ताकि यह मिलान किया जा सके कि जितना पोषाहार आवंटित किया गया था। वह वास्तव में केंद्र पर मौजूद है या नहीं।
सीडीपीओ रामगोपाल ने बताया कि जांच के दौरान यदि किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर स्टॉक कम मिलता है या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद
