पीलीभीत: देवहा नदी में छोड़ी गईं 50 हजार मछलियों की अंगुलिकाएं, मत्स्य संपदा के संरक्षण की पहल

बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने ब्रह्मचारी घाट पर रिवर रैचिंग कार्यक्रम के तहत किया मत्स्य संचय
पीलीभीत, 23 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्त पोषित मत्स्य विभाग की ओर से नदियों में मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को देवहा नदी के ब्रह्मचारी घाट पर रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने नदी में 50 हजार भारतीय मेजर कार्प मछलियों की अंगुलिकाओं का संचय किया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. विभा लोहनी ने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण और मानवीय गतिविधियों के कारण नदियों एवं अन्य जलीय स्रोतों में मत्स्य संपदा प्रभावित हो रही है। इससे जलीय पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता और पारंपरिक मत्स्य पालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रिवर रैचिंग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों में मछलियों की संख्या बढ़ाना तथा जलीय जैव विविधता और मत्स्य संसाधनों का संरक्षण करना है।
इस अवसर पर विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नदियों में मछलियों का संचय करने से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और जलीय जीवों के संरक्षण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मत्स्य संपदा की वृद्धि एवं जलीय जीवों के संरक्षण के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक हीमेन्द्र नाथ, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष रामचन्द्र लाल, मत्स्य विभाग के कर्मचारी तथा मत्स्य पालक उपस्थित रहे।
#Pilibhit #DevhaRiver #RiverRanching #मत्स्यविभाग #पर्यावरणसंरक्षण #जैवविविधता #उत्तरप्रदेश #पीलीभीतनेवस
Source
