बरेली। मांगों के समर्थन में स्वास्थ्य विभाग में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल अब थम गई है। शनिवार को सभी कर्मचारी कार्य पर लौटे। करीब दो सप्ताह से चरमराई स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर आने लगीं। काफी तादाद में आए मरीजों की जांच के लिए कतार लगानी पड़ी।

बीते दिनों राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार से मरीजों को खासी परेशानी हुई थी। पैथोलॉजी जांच समेत टीकाकरण, डेटा इंट्री आदि कार्य प्रभावित थे। उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी कर्मचारी संगठन की हड़ताल समाप्त होने की सूचना बृहस्पतिवार रात जारी हुई।
शुक्रवार को स्टाफ कार्य पर लौटा। साथ ही, भुगतान अटकने से परेशानी अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के खाते में वेतन पहुंचने से यह भी कार्य पर लौटे। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य पर आने से अब मरीजों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलेगा। ब्यूरो
