बरेली। मिशन कॉलोनी में 47 वर्षीय रेलवे कर्मचारी तनवीर सिंह की वाईफाई की केबल गले में फंसने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र की मिशन कॉलोनी निवासी तनवीर सिंह मुरादाबाद में रेलवे विभाग में सीनियर कैशियर के पद पर तैनात थे। करीब एक महीने पहले उनके चाचा की मौत हो गई थी। तनवीर अपने चाचा से बेहद लगाव रखते थे, उनकी मौत के बाद से तनवीर अधिक शराब पीने लगे थे। सोमवार रात भी वह नशे की हालत में घर में घुसे। इसी दौरान घर में लगी वाई-फाई की केबल उनके गले में फंस गई, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी व अन्य परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए लेकिन उनकी मौत हो गई। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराकर परिवार को सौंप दिया, किसी तरह का कोई आरोप फिलहाल नहीं लगाया गया है।






