
आरआरसी सेंटर में नियुक्ति की मांग को लेकर स्वच्छाग्रहियों का लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना, सीएम को भेजा ज्ञापन
लखनऊ। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत गांवों को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) और ओडीएफ मॉडल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्वच्छाग्रहियों ने अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। पूर्व में मिले प्रशासनिक आश्वासन के पूरा न होने का आरोप लगाते हुए प्रदेश भर के स्वच्छाग्रहियों ने लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन भेजकर ग्राम पंचायतों में बने रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) में केयरटेकर/प्रबंधक पद पर तैनाती की मांग की गई है।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ था 65 दिन का धरना
प्रदर्शनकारी स्वच्छाग्रहियों का कहना है कि वे इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर ईको गार्डन में लगातार 65 दिनों तक धरना दे चुके हैं। उस समय जिला पंचायत राज अधिकारी (लखनऊ) हिमांशु शेखर ठाकुर ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया था कि स्वच्छाग्रहियों को प्राथमिकता के आधार पर आरआरसी सेंटर में नियुक्त कर मानदेय दिया जाएगा। अधिकारियों के इस मौखिक आश्वासन पर भरोसा जताते हुए धरना समाप्त कर दिया गया था।
वादाखिलाफी का आरोप, अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि महीनों बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन के स्तर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और उनके साथ सिर्फ छलावा हुआ। उपेक्षा और सौतेले व्यवहार से आहत होकर प्रदेश भर के स्वच्छाग्रहियों ने ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना दोबारा शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की गुहार
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में स्वच्छाग्रहियों ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की साख मजबूत करने में उनका विशेष योगदान रहा है। वर्तमान में प्रदेश की ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारण के लिए रिसोर्स रिकवरी सेंटरों का निर्माण हो चुका है, जिनके सुचारू संचालन के लिए केयरटेकर और प्रबंधक की जरूरत है।
स्वच्छाग्रहियों ने मांग की है कि पंचायती राज विभाग के निदेशक एवं अपर मुख्य सचिव को निर्देशित किया जाए, ताकि इन केंद्रों पर अनुभवी स्वच्छाग्रहियों को ही तैनात कर रोजगार और सम्मानजनक मानदेय सुनिश्चित किया जा सके। स्वच्छाग्रहियों का कहना है कि जब तक उनकी तैनाती का लिखित आदेश जारी नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्टर. अनुराग सिंह

