फर्रुखाबाद। जस्ट डायल के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा के नाम पर साइबर ठगी करने में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साइबर ठग फर्जी तरीके से संचालित बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कराते थे।
पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि साइबर ठगी के मामले में शहर के श्याम नगर भोपत पट्टी निवासी ऋतिक कश्यप, अमृतपुर क्षेत्र के गांव गुड़ेरा निवासी लखन सिंह व शिवम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से तीन मोबाइल, 10 डेबिट कार्ड, पांच बैंक पासबुक, दो एओएफ फार्म, मोबाइल स्क्रीन शॉट-क्यूआर कोड व 14 हजार रुपये बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि आरोपी जस्ट डायल एप के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए झांसे में लेने के बाद साइबर ठगी करते थे। आरोपी ठगी की धनराशि अन्य व्यक्तियों के नाम फर्जी तरीके से खोले बैंक खाते में ट्रांसफर कराते थे। खास बात यह है कि इन खातों में मोबाइल नंबर भी फर्जी दर्ज कराए जाते थे। बरामद डेबिट कार्ड के बैंक खातों में करीब पांच लाख रुपये जमा हैं। हाल ही में 6.50 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की गई थी। आरोपी लखन के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी के शाहजहांपुर में दो अन्य मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सभी आरोपियों पर विभिन्न राज्य व जनपदों में साइबर ठगी की 14 शिकायतें दर्ज हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने राजेपुर क्षेत्र से दबोच लिया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

