अमृतपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने राजस्व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्हें एक ही गांव से चकमार्ग की पैमाइश न होने की कई शिकायतें मिली थीं। जिलाधिकारी ने लेखपाल और कानूनगो को तत्काल समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

संपूर्ण समाधान दिवस में गांव वीरपुर हरिहरपुर निवासी मछला देवी ने खतौनी में नाम संशोधन न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर जिलाधिकारी ने लेखपाल आदर्श कुमार को फटकार लगाई। उन्होंने आदर्श कुमार को शाम तक नाम संशोधन की कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। गांव मुजजा निवासी सुमित अवस्थी ने चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी काश्तकार ने चकमार्ग जोत लिया है, जिससे अब उनके खेत से रास्ता निकाला जा रहा है। सुमित ने चकमार्ग की पैमाइश कराने की मांग की। इसी गांव के राहुल ने भी चकमार्ग की पैमाइश न होने की शिकायत की। एक ही गांव से लगातार शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने कानूनगो लालबहादुर के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल निस्तारण के आदेश दिए।
अन्य शिकायतें और निर्देश
गांव राई निवासी नत्थू ने मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने की मांग की। लीलापुर निवासी इतेंद्र सिंह ने ग्राम प्रधान पर अपने सगे-संबंधियों के नाम मनरेगा का भुगतान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न करें। उन्होंने मौके पर जाकर जांच करने और निस्तारण के दौरान संबंधित बीडीओ को भी मौजूद रहने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीडीओ विनोद कुमार गौड़, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी मौजूद रहे। एसडीएम श्वेता साहू और बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल भी उपस्थित रहे।
