शाहजहांपुर खबर /पीलीभीत दर्पण

Anurag Singh
Anurag Singh
November 13, 2026 1 Min Read 0

सुधीर हत्याकांड: ढाई महीने बाद भी गिरफ्तारी न होने का आरोप, अधिवक्ताओं ने एसपी कार्यालय पर दिया धरना

 

शाहजहांपुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग; बड़े आंदोलन की चेतावनी

 

शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम मझिला में हुए सुधीर कुमार सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मझिला निवासी सुधीर कुमार सिंह की 30 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई एवं अधिवक्ता अवनीश सिंह की ओर से गांव के ही बबलू, शिवशंकर (पुत्र चंद्रपाल) तथा ओमपाल (पुत्र भगवन्नू) को नामजद करते हुए खुदागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 216/2026 दर्ज कराया गया था। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

 

मृतक के भाई अवनीश सिंह एडवोकेट का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होने पर उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 8 सितंबर 2026 को मामले की विवेचना थाना खुदागंज से थाना सिधौली स्थानांतरित कर दी गई थी।

 

अधिवक्ता अवनीश सिंह का कहना है कि घटना के ढाई महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी के विरोध में शुक्रवार को वह अन्य अधिवक्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन देने का प्रयास किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

 

प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से स्वयं मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग भी रखी। अधिवक्ताओं ने मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी देते हुए इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर डालने की बात कही।

 

अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर निगाहें

 

इस मामले में अब पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक पक्ष और विवेचना की वर्तमान स्थिति सामने आना महत्वपूर्ण है। हत्या जैसे गंभीर मामले में निष्पक्ष एवं समयबद्ध विवेचना, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन चर्चा में है।

 

रिपोर्ट: अनुराग सिंह

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *