हिन्दू महासभा ने जिलाधिकारी को सौंपा जनसमस्याओं से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन

——————————–
पार्किंग, खाद्य सुरक्षा और सरकारी भूमि संरक्षण समेत कई मुद्दे उठाए
——————————–
पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं, यातायात व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक समुचित पार्किंग व्यवस्था का अभाव है। प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग स्थल न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहन सड़कों पर खड़े होने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। संगठन ने शहर में उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग स्थलों के निर्माण की मांग की। हिन्दू महासभा ने डिग्री कॉलेज चौराहा से कचहरी तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। डिवाइडर न होने के कारण दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की अधिकतम गति सीमा निर्धारित करने, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेतक लगाने की मांग भी की गई। संगठन ने आवारा गौवंशों से होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए रात्रि के समय सड़कों पर घूमने वाले गौवंशों पर रिफ्लेक्टिव पेंट अथवा परावर्तक पट्टियां लगाए जाने की मांग की। साथ ही नगर क्षेत्र में निर्मित सार्वजनिक शौचालयों के अधिकांश स्थानों पर बंद पड़े रहने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें नियमित रूप से संचालित कराने, साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में रेलवे स्टेशन के निकट स्थित लगभग सौ वर्ष पुरानी मूलचंद धर्मशाला के जीर्णोद्धार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने कहा कि यह ऐतिहासिक धर्मशाला वर्तमान में जर्जर अवस्था में है और इसका आधुनिकीकरण कर इसे यात्रियों एवं मरीजों के परिजनों के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है। इसके अलावा टनकपुर हाईवे स्थित ड्रमंड कॉलेज के सामने गौहनिया तालाब के चारों ओर मजबूत बाउंड्री निर्माण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
हिन्दू महासभा ने वाटर वर्क्स परिसर में निर्मित दुकानों के वर्षों से खाली पड़े रहने का मुद्दा उठाते हुए उनका पारदर्शी आवंटन करने की मांग की। संगठन का कहना था कि इससे फुटपाथों पर होने वाले अतिक्रमण में कमी आएगी और नगर पालिका की आय भी बढ़ेगी। साथ ही ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने, निर्धारित रूट एवं स्टैंड बनाने तथा नाबालिग चालकों पर रोक लगाने की मांग भी की गई। ज्ञापन में लकड़ी मंडी क्षेत्र स्थित फौजी पड़ाव की सरकारी नजूल भूमि एवं वहां संचालित आरा मशीनों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा गया कि यदि भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज है तो उसका सीमांकन कराया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। संगठन ने सुझाव दिया कि भविष्य में इस भूमि का उपयोग सार्वजनिक पार्किंग, फायर ब्रिगेड केंद्र, गौशाला अथवा अन्य जनोपयोगी परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है। संगठन ने शत्रु संपत्तियों, तालाबों, ग्राम समाज भूमि तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर संभावित अतिक्रमणों की जांच कर उन्हें कब्जामुक्त कराने की भी मांग की। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए दूध, घी, तेल, पनीर, मसाले और मिठाइयों में मिलावट की शिकायतों पर चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर व्यापक जांच अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। बाटर बॉक्स के पीछे स्थित प्राचीन दशमा मणि स्थल के संरक्षण का विषय भी ज्ञापन में शामिल रहा। संगठन ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण और मार्ग संकरा होने के कारण लोगों को दशमा संस्कार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने स्थल का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने एवं मार्ग को चौड़ा कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त जनपद की ग्राम पंचायतों एवं ग्राम सभाओं में स्थित शवदाह स्थलों का सर्वे कराकर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने, साफ-सफाई, पेयजल, टीनशेड एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, रवि जायसवाल, सुनील कश्यप, सुनील अवस्थी, पिंटू पाल, जितेंद्र मौर्य, मनोज वर्मा, प्रमोद कश्यप, लवी सिंह, अनिल कुमार, महेश श्रीवास्तव, महंत अवनीश रतन, गंगा प्रकाश मौर्य, आकाश कोहली, रमन मौर्य, विकास गुप्ता, सर्वेश जायसवाल, महंत मुकेश गोस्वामी, रामपाल मौर्य, प्रदीप भटनागर, यज्ञ स्वरूप, दीपक मौर्य, दीपक सक्सेना, राहुल, प्रीतम, महेंद्र पाल कश्यप, मोहित वंशवाल, राम प्रताप, अमित, अनिल कुमार, वीरपाल, प्रतीक, राहुल मिश्रा, बिंदु सिंह, कविता वंशवाल, सुमन कश्यप, गीता मिश्रा, वीनू पाठक, योगेश्वरी देवी आदि सहित अखिल भारत हिन्दू महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
