शमसाबाद। नगर पंचायत की नई पेयजल पाइपलाइन पहली बार पानी का दबाव भी नहीं झेल सकी। रविवार को पानी छोड़ते ही कई स्थानों पर पाइप फट गए। जमीन से तेज धार के साथ पानी निकलने लगा। सड़कों पर जलभराव होने से कई मोहल्लों में तालाब जैसे हालात बन गए। खेतों में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ढाई घाट रोड पर चौमुखी महादेव मंदिर जाने वाले रास्ते पर मोहल्ला तराई में मुकीम की चक्की के पास दो स्थानों पर पाइपलाइन फट गई। यहां जमीन से तेज प्रेशर के साथ पानी निकलने लगा। इसके अलावा अकबरपुर दामोदर, भुलभुलागंज तिराहा और अतर सिंह के मकान के पास भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने पाइपलाइन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। पाइपों के जोड़ भी ठीक से नहीं लगाए गए। लोगों का कहना है कि नई पाइपलाइन से पहली बार पानी की आपूर्ति शुरू होते ही ऐसी स्थिति पैदा होना गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने नगर पंचायत से पूरे कार्य की जांच कराने, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।
अवर अभियंता अमित जायसवाल ने बताया कि नई लाइन को शुरू किया गया था। ज्वाइंट लीक होने के कारण लीकेज हुआ है। उसकी मरम्मत कराई जाएगी।
