अमृतपुर। बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब गंगा का कटान किसानों पर कहर बरपा रहा है। माखन नगला गांव में कटान से करीब 25 किसानों की एक हजार बीघा जमीन नदी में समा गई। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल भी बर्बाद हो गई। तेजी से हो रहे कटान के चलते अब गांव पर भी खतरा मंडराने लगा है। गंगा की धारा गांव से करीब 500 मीटर दूर बह रही है।

विजय कुमार, धर्मेंद्र, सतेंद्र, रंजीत, श्यामवीर, राजू, रामनिवास, रामरहीश, सीताराम, शिवसिंह, प्रेमपाल, सर्वेंद्र, हरेंद्र, राजकुमार, राजीवर समेत करीब 25 किसानों की जमीन कटान की चपेट में आ चुकी है। किसानों का कहना है कि खेतों में गन्ने की फसल खड़ी थी, लेकिन कटान के कारण जमीन और फसल दोनों नदी में समा गए। इससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
लेखपाल आदिल खान ने बताया कि कटान से प्रभावित किसानों की जमीन तहसील कायमगंज क्षेत्र में आती है। एसडीएम श्वेता साहू ने बताया कि कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग को योजना बनाकर कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।





