
{“_id”:”6af7065162a8015b0006e0be”,”slug”:”magh-mela-2027-nine-pontoon-bridges-construction-2026-11-13″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”माघ मेला : इस बार फाफामऊ की जगह अरैल में बनेंगे दो पांटून पुल, ओल्ड जीटी से हुई शुरुआत”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

माघ मेले की तैयारी शुरू हो गई है। ओल्ड जीटी पर बनाया जा रहा पांटून पुल।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
माघ मेले के लिए कुल नौ पांटून पुलों का निर्माण शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को दारागंज ओल्ड जीटी के पांटून पुल से इसकी शुरुआत हुई। कार्यदायी संस्था ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया।
इन सभी पांटून पुलों का निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा होना है। इस बार फाफामऊ गंगा नदी पर पांटून पुल नहीं बनाए जाएंगे। पिछले साल प्रयागराज-लखनऊ यातायात के लिए फाफामऊ में दो पांटून पुल बने थे। अब इसके स्थान पर अरैल में पानी के बहाव को देखते हुए दो पांटून पुलों का निर्माण होगा। महावीर, त्रिवेणी, गंगोली शिवाला, ओल्ड जीटी, काली सड़क, नागवासुकी, भारद्वाज और दो अरैल में पुल बनेंगे।
छह लेन पुल का संचालन
गंगा नदी पर स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक छह लेन पुल निर्माणाधीन है। इसकी एक लेन इसी महीने से शुरू हो जाएगी। दूसरी लेन पर दिसंबर महीने के भीतर वाहन दौड़ने लगेंगे। इससे पुराना फाफामऊ पुल और सिक्स लेन पुल होने से यातायात का दबाव काफी कम रहेगा। इसी कारण फाफामऊ में पांटून पुल नहीं बन रहे हैं।
माघ मेला की तैयारियों के तहत कुल नौ पांटून पुल का निर्माण किया जाना है। जिसकी शुरुआत बृहस्पतिवार से हो गई है। इस बार फाफामऊ की जगह अरैल में दो पांटून पुलों का निर्माण किया जाएगा। – सुरजीत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी


