
पीलीभीत। बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद बुधवार को गजरौला कलां कस्बे में आयोजित देवेंद्र मोहन भैय्या के सत्संग में शामिल होने पहुंचे। जहां विधायक स्वामी प्रवक्तानंद का महामंडलेश्वर बनने के उपलक्ष्य में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सत्संग में वाचन कर रहे देवेंद्र मोहन ने उन्हें महामंडलेश्वर बनने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा स्वामी प्रवक्तानंद ऐसे संत हैं जिनसे लोग प्रेरणा लेते हैं। जिन्होंने हमेशा धर्म को बढ़ावा दिया है। राजनीति में एक बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी जिन्होंने धर्म को सर्वोपरि रखा और लोगों को धर्म के पथ पर चलने की शिक्षा दी है। ऐसे संत के महामंडलेश्वर बनने से निश्चित रूप से धर्म के प्रति लोगों की


जागरूकता बढ़ेगी और बड़े स्तर पर क्षेत्र में सनातन का प्रचार प्रसार होगा। स्वामी प्रवक्तानंद का महामंडलेश्वर बनाए जाना रूहेलखंड क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस दौरान विधायक स्वामी ने भी लोगों को प्रवचन सुनाए और लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा वे पीलीभीत की जनता के आभारी हैं और हमेशा जिले के विकास के लिए काम करते रहेंगे। और समय समय पर धार्मिक आयोजनों एवं सत्संगो के जरिए धर्म का प्रचार प्रसार कर लोगों को धर्म पथ पर लाते रहेंगे।
