पीलीभीत। परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्रथम सत्रीय परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा शुरू होने में अब महज एक दिन शेष है। बीएसए की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रथम सत्रीय परीक्षा 19 से 25 अगस्त के बीच कराई जाएगी।

जिले में 1495 परिषदीय स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। सत्रीय परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होने के बाद से ही तैयारियां शुरू हो गई थी। परीक्षा के सुचारु संचालन और सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक एवं कार्यरत शिक्षक और विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई। परीक्षा के बाद निर्धारित तिथि को अभिभावकों को विद्यालय में आमंत्रित कर बच्चों की प्रगति साझा करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बीएसए की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रथम सत्रीय परीक्षा के आधार पर अपेक्षित अधिगम स्तर प्राप्त नहीं करने वाले विद्यार्थियों का शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे विद्यार्थियों को चिह्नित कर विषयवस्तु की तैयारी, पुनरावृत्ति और आवश्यक शैक्षिक सहयोग कराया जाएगा। परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित अभिलेख विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
