स्वच्छता और जल निकासी में बेहतर काम पर वार्ड 25 के सफाई नायक व कर्मचारी सम्मानित

बारिश के दौरान मुस्तैदी से संभाली व्यवस्था, वार्ड में नहीं होने दिया जलभराव
पीलीभीत। गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड संख्या 25 में उत्कृष्ट सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई नायक मुकेश कुमार और कर्मचारी अर्जुन को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित मौजूद अधिकारियों ने दोनों को प्रशस्ति देकर उनके कार्यों की सराहना की।
बारिश के पूरे मौसम में सफाई नायक मुकेश कुमार ने अपनी टीम के साथ वार्ड में सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रियता बनाए रखी। नालियों की नियमित सफाई के साथ ही संभावित जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। तेज बारिश के दौरान भी समय रहते पानी की निकासी कराकर वार्ड में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई।
अधिकारियों ने सफाई नायक और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में बेहतर सफाई व्यवस्था और समय पर जल निकासी से लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है।
वहीं, वार्डवासियों ने भी सफाई नायक मुकेश कुमार और उनकी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए सम्मान मिलने पर खुशी जताई।
Source
