पीलीभीत। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सलामी देकर शहीदों को नमन किया और पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।
कार्यक्रम में एसपी ने शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस विभाग के अनुसार, एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्तूबर को मनाया जाता है। 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों की स्मृति और पुलिसकर्मियों के बलिदान के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पदक जीतने वाली विजेता खिलाड़ी अपने कोच के साथ। कोच– फोटो : सांकेतिक

