बरेली। स्वास्थ्य विभाग में ड्यूटी से लगातार नदारद रहने वाले कर्मचारियों पर अब कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंगतरा पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) जितेंद्र कौर की सेवा समाप्त कर दी गई है। वह करीब छह माह से बिना सूचना दिए अनुपस्थित चल रहीं थीं।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सेवा समाप्त किए जाने का प्रस्ताव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुड़िया नबी बक्श के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने रखा। प्रस्ताव के अनुसार, सीएचओ जितेंद्र कौर कई माह से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही हैं। कई बार पत्र भेजकर अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया, पर जवाब नहीं मिला।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को ऐसे लापरवाही और दायित्व निर्वहन में शिथिल कर्मचारियों की सेवा समाप्त के निर्देश दिए थे। सीएमओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सेवा समाप्त कर दी गई है। अन्य सीएचओ को भी स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे अपने तैनाती स्थल पर नियमित उपस्थिति रहें। सभी सीएचओ के कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
