नवाबगंज। बिजली का बिल वसूलने पहुंचे जेई और उनकी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जेई के विरोध करने पर ग्रामीणों ने उन्हें मकान में बंधक बनाकर पीटा। सूचना पर आई पुलिस ने जेई और टीम को मुक्त कराया। बाद में जेई ने थाना नवाबगंज में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

नवाबगंज के चुनुआ गांव में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बाबूलाल जेई के पद पर तैनात हैं। जेई बाबूलाल ने बताया कि बरौर गांव में पान कुमारी के नाम से विद्युत कनेक्शन चल रहा है। उन पर लगभग 11 हजार रुपये का विद्युत बकाया चल रहा है।
अधिकारियों के आदेश पर जेई बाबूलाल लाइन मैन पुष्पेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम कुमार विद्युत संयोजन करने पहुंचे। जेई बाबूलाल ने विद्युत बकाया जमा करने को कहा तो उपभोक्ता के परिजन अर्पित, पंकज, सचिन, साहिल ने उनके साथ गाली-गलौज कर मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट कर सरकारी अभिलेख फाड़ दिए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। जेई बाबूलाल ने एसडीओ विद्युत राजेंद्र कुमार के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि जेई के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद





