गजरौला। थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया नवदिया निवासी विवाहिता ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज में 25 लाख रुपये और कार की मांग को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता लक्ष्मी देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी चार मई 2011 को बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र के कछनेरा निवासी रामचंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रामचंद्र, सास फूलमती, ससुर भीमसेन और ननद रुकमणि व नेहा दहेज में 25 लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मायके पक्ष के लोगों ने कई बार ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका रवैया नहीं बदला। आरोप है कि 23 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को विवेचना के निर्देश दिए गए हैं।






