बरेली। बिहार को यूपी, राजस्थान और गुजरात के कई शहरों को कनेक्ट करने वाली भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 30 अक्तूबर से शुरू हो जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी गुजरात के भुज से गाड़ी काे वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वाया पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी, बरेली, बदायूं होते हुए यह पहली अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। ट्रेन के लिए तीन रैक आवंटित कर दी गई हैं। नई समय सारिणी भी जारी कर दी गई है। इसका बदायूं में भी ठहराव होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से प्रत्येक शनिवार और बुधवार को शाम पांच बजे चलेगी और चौथे दिन तड़के 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से प्रत्येक मंगलवार, बृ़हस्पतिवार और शनिवार को रात 11:55 बजे चलने के बाद चौथे दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन न केवल किराए के लिहाज से किफायती होगी, बल्कि लंबी दूरी के सफर को आरामदायक और तेज बनाएगी।
यह गाड़ी एक ओर से 2,532 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विभिन्न शहरों से गुजरेगी। यह गाड़ी चार राज्यों के प्रमुख औद्योगिक और सांस्कृतिक शहरों को आपस में जोड़ेगी।