पीलीभीत। दिवाली पर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विभागीय टीमों ने जिले में पांच प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान शहर की गुड़ मंडी स्थित कमल किराना स्टोर से बेसन का नमूना लिया गया। वहीं, गौहनिया चौराहे स्थित मन मिष्ठान से लौज और अमरिया के करौनिया चौराहे पर प्रकाश स्वीट हाउस से बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा पूरनपुर के राजागंज देहात में मुस्तकीम राजा के प्रतिष्ठान से खोया और बीसलपुर के ईदगाह चौराहे स्थित राहत मिशन भंडार से बर्फी का नमूना लिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
