फोटो-12, कायमगंज के बजरिया मार्केट में सजावट का सामान खरीदतीं महिलाएं। संवाद

-पूजन सामग्री और कपड़ों की दुकानों पर देर रात तक चलता रहा खरीदारी का सिलसिला
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, खील-खिलौने, नारियल, फूल और दीयों की जमकर खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ से बाजार गुलजार रहे और अच्छा कारोबार होने से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे।
पूजन और सजावट के सामान की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही। मिट्टी के दीयों, रंगोली के सामान और मोमबत्तियों की खूब बिक्री हुई। इस बार लोगों में देसी दीयों के प्रति खासा रुझान दिखा। घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगे डिजाइनर दीये भी खूब खरीदे गए। पूजा में इस्तेमाल होने वाले खील-खिलौनों और नारियल की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। फूल विक्रेताओं ने दीपावली के लिए खास तौर पर कमल के फूल मंगवाए थे। बाजार में इनकी कीमत 50 से 60 रुपये प्रति पीस रही।
घर के मुख्य द्वार को सजाने के लिए लोगों ने आकर्षक बंदनवार, रंग-बिरंगे स्टीकर, प्लास्टिक के फूलों की मालाएं और राजस्थान की लकड़ी वाली झालरें भी खरीदीं।
डिजाइनर कुर्ते और लांचों की रही मांग
दीपावली पर कपड़ों की खरीदारी के लिए भी बाजार में खूब भीड़ रही। रेडीमेड गारमेंट्स और साड़ी की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। महिलाओं ने सिल्क और हैवी वर्क वाली साड़ियों को पसंद किया, जबकि युवाओं में डिजाइनर कुर्तों और लांचों की मांग रही।
