फोटो-05, बेरी तिराहे के पास पटाखा बाजार में आतिशबाजी खरीदते लोग। संवाद

-देर रात तक पटाखा बाजार में रही रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। दीपावली को लेकर पटाखा बाजार में देर रात तक रौनक बनी रही। दुकानों पर लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार पटाखों की खरीदारी की। किसी को रंग-बिरंगी फुलझड़ियां पसंद आई तो कोई अनार का दीवाना दिखायी दिया। वहीं किशोरों में आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरने वाली आतिशबाजी का क्रेज दिखाई दिया।
छोटे बच्चों के लिए अभिभावकों ने कम आवाज वाले पटाखे खरीदे। फुलझड़ी, अनार और चकरी उनकी पहली पसंद बने । किशोर आसमान में चमक बिखेरने वाले पटाखों की ओर आकर्षित दिखे। वहीं बड़े लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपनी पसंद और बजट के अनुसार आतिशबाजी खरीदते दिखे। बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
पटाखे हमेशा खुले और हवादार स्थान पर जलाएं। घर, दुकान, वाहन और ज्वलनशील वस्तुओं के पास आतिशबाजी न करें। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें। किसी बड़े की निगरानी में ही आतिशबाजी करें। पटाखे जलाने के लिए लंबी मोमबत्ती या अगरबत्ती का इस्तेमाल करें। जलाने के बाद उनसे उचित दूरी बनाए रखें। फटे या अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें।
चिकित्साधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि पटाखे से जलने पर प्रभावित हिस्से को तुरंत करीब 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। जले हुए स्थान पर बर्फ, टूथपेस्ट या घरेलू लेप न लगाएं। जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
