बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में सेंथल मार्ग पर शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंदिर से पूजा कर बाइक से घर लौट रहे पति-पत्नी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे 36 वर्षीय सूरज उर्फ रिंकू की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सरिता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल का उपचार चल रहा है।
गांव कुआंटांडा अहमदाबाद निवासी सूरज शनिवार दोपहर अपनी पत्नी सरिता के साथ मंदिर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज-सेंथल मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पोल से जा भिड़ी और सूरज का सिर पोल से टकराकर बुरी तरह फट गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी सरिता को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: श्यामगंज से गंगापुर तक जमीन की दरें बराबर, 17 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल
सूरज की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बेटे का शव देखकर मां मुन्नी देवी का कलेजा फट पड़ा। वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ीं और रोते हुए बार-बार यही कहती रहीं, ‘हे भगवान! मैं अपने इकलौते बेटे के बिना कैसे जिऊंगी… कोई तो मेरे बेटे को उठा दो।’ मां की चीख सुनकर मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।