बरेली। समाज शास्त्र विभाग के बीए तृतीय सेमेस्टर की मिडटर्म परीक्षा में अव्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बरेली कॉलेज इकाई ने मंगलवार को कॉलेज में प्रदर्शन किया। अब ये परीक्षा पांच नवंबर हो होगी।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया जाता था लेकिन परीक्षा नहीं होती। मंगलवार को भी कॉलेज बुलाया गया लेकिन परीक्षा नहीं हुई। आरोप है कि विद्यार्थियों को परेशान किया जा रहा है। कार्यकर्ता प्राचार्य कार्यालय पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के समक्ष समस्या बताई। वार्ता में निर्णय हुआ कि ये परीक्षा पांच नवंबर को होगी। कार्यकर्ताओं में कॉलेज इकाई के अध्यक्ष सत्यम गुर्जर, महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा, सोशल मीडिया संयोजक हर्षित चौधरी, गौरव गंगवार, नवनीत, कार्तिक पांडे आदि मौजूद रहे।
इस बाबत समाज शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नवनीत आहूजा ने बताया कि अभी विभाग का अधिकारिक ग्रुप नहीं है। विद्यार्थियों ने ही अपना ग्रुप बनाया है। उसमें ही मंगलवार को परीक्षा की सूचना प्रसारित हुई। बच्चे अत्यधिक संख्या में आए, जिससे कक्षा में नहीं बैठ सके इसलिए जाने के लिए कह दिया। उनकी परीक्षा पांच नवंबर को होगी। विभाग में रोजाना थोड़े-थोड़े बच्चों की परीक्षा ली जा रही है। संवाद
उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण ग्रुप नहीं बनाया गया है। जो विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचते हैं, उनको जानकारियां दे दी जाती हैं।
