– कमरे में फंदे पर लटका मिला शव,
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी बनकटी निवासी सुनील कुमार जाटव के पुत्र हर्षित (20) की आगरा में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपनी बुआ निर्मला देवी के घर रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। रविवार को बुआ और अन्य रिश्तेदार उसका शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया।
हर्षित के छोटे भाई अनुज ने बताया कि उसके फूफा निहाल सिंह अन्य रिश्तेदारों के साथ शव लेकर गांव पहुंचे। फूफा ने बताया कि सुबह काफी देर तक हर्षित कमरे से बाहर नहीं आया। कमरे में जाकर देखा तो वह कुंडे से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद शव को नीचे उतारकर गांव ले आए। बेटे का शव देखते ही मां मालती देवी की चीख निकल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां मालती देवी की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक बलवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
======
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर झुलसा
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव विहार निवासी धर्मवीर कठेरिया का पुत्र सागर (16) गांव के बाहर बने आरआरसी सेंटर की टीन पर चढ़ा था। तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर सनी मिश्रा ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। (संवाद)

